माउंट आबू यादगार पल




Mount abu राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन है ।यह राजस्थान के सिरोही जिले में स्थित है।इस स्थान का अपना एक इतिहास है।यह पर्यटन की दृष्टि से तो महत्वपूर्ण है ही।धार्मिक दृष्टि से भी इसका अपना महत्त्व है 

इतने सालों से हम सिर्फ माउंट आबू का नाम ही सुन रहे थे।इस बार सोचा कि घूम आते हैं। यहां पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन Abu road है। यहां से आप टैक्सी,बस के द्वारा माउंट आबू पहुंच सकते हैं। अरावली पर्वतमाला के अर्बुदा पर्वत पर यह शहर बसा है, इसलिए इसका नाम अबू पड़ा।यह छोटा-सा शहर अपनी खूबसूरती से पर्यटकों का मन मोह लेता है।nakki झील इसका केंद्र बिंदु है।हम यहां अक्टूबर के पहले सप्ताह में पहुंचे थे।दो दिन हमें यहां रुकना था।मौसम भी हम पर मेहरबान था।घना कोहरा और सर्द हवाएं, रुक-रुक कर होती बारिश ने पहले तो हमें होटल के कमरे में बंद रहने को कहा,पर मौसम का लुत्फ तो उठाना था। hotel crystal inn जो नक्की लेक पर स्थित था बस कोई पच्चीस-तीस सीढ़ियां उतरकर हम नक्की लेक पर जा पहुंचे, यहां ऐसा लग रहा था कि जैसे बादल भी झील का भ्रमण करने आए हों 




नक्की झील का भ्रमण करते हुए बादलों का स्पर्श नमी का अहसास करा रहा था। कभी-कभी हल्की बूंदे भी गिर जातीं थीं। वहां भ्रमण पथ पर टेड राॅक एक जगह है, जहां करीबन सौ या उससे ज्यादा सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं,हम कुछ सीढ़ियां चढ़े पर फिसलन अधिक थी तो हमने उस समय ऊपर जाने का ख्याल त्याग दिया और बोटिंग करने का निश्चय किया।थोड़ी देर बाद हम झील में थे।नक्की झील की कहानी बता रहा था नाविक।कहते हैं नाखून से कुरेदकर इस झील का निर्माण किया गया था।जब देवता एक राक्षस से युद्ध नहीं कर पाए तो नखों से खुरचकर इस झील को छिपने के लिए बनाया था। ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों के बीच स्थित यह झील अत्यंत प्राचीन है।इसके चारों ओर पैदल घूमने के लिए रास्ते बनाए गए हैं। इन्हीं के पास भारत माता मंदिर स्थित है, यहां भारत माता की मूर्ति है।हरियाली से आच्छादित है यह स्थान। यहां चारों ओर पार्क होटल बने हुए हैं। यहां प्राचीन रघुनाथ मंदिर भी है।
नौका विहार करते हुए नाविक ने हमें माउंट आबू की खासियत भी बताई और यह भी कि बारिश के दिनों में उनका व्यवसाय अधिकतर ठप्प ही रहता है और तेज गर्मी में भी पर्यटक कम ही आते हैं क्योंकि हिल स्टेशन होने के बाद भी यहां का तापमान बढ़ जाता है।

नौका विहार के बाद हम होटल लौट आए थे।खाना खाकर हमने विश्राम किया।तीन बजे हम बाजार घूमते हुए फिर नक्की झील जा पहुंचे।अब धूप निकल आई थी।टेड राॅक जाने के लिए अब सही समय था।हमने सीढ़ियां चढ़नी प्रारंभ की पर यह देखकर मन दुखी हो गया कि सीढ़ियां जगह-जगह से टूटी हुई थीं और वहां ना तो कोई सुरक्षा प्रहरी था और ना ही कोई यह देखने वाला कि यहां कितनी अव्यवस्था है।पहाड़ में सीढ़ियां चढ़ते हुए हमने जगह-जगह प्लास्टिक बोतल और पाॅलीथिन पड़ी हुई देखीं।गंदगी बढ़ाने में और प्राकृतिक सुंदरता नष्ट करने में हम भारतीयों की बराबरी कोई नहीं कर सकता। सीढ़ियां कई जगह इतनी खराब थीं कि सोच रहे थे कि हम आए ही क्यों....?

ऊपर पहुंचने के बाद हमने देखा कि पहाड़ का ऊपरी हिस्सा बिल्कुल चिकना और ढलानदार था। वहां सुरक्षा के लिए कोई रेलिंग या सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं था।प्रकृति प्रदत्त यह खूबसूरत जगह जो देखरेख के अभाव में उपेक्षित सी लग रही थी।इसके लिए सरकार तो जिम्मेदार है ही और जनता भी उतनी ही जिम्मेदार है।यदि ऊपर कोई दुर्घटना घट जाए तो मदद मिलने का कोई साधन वहां नजर नहीं आ रहा था। खैर, वहां से माउंट आबू का विहंगम नजारा मन को मोह रहा था।ठंडी और तेज हवाएं सर्दी का अहसास करा रहीं थीं।

        ।Ted Rock, Mount Abu 




ऊपर लोग सेल्फी ले रहे थे। पहाड़ के बिल्कुल किनारे पर जाकर,इस बात की चिंता किए बिना कि पैर फिसला तो क्या होगा...?अब नीचे उतरना था।जो चढ़ने से ज्यादा मुश्किल था।किसी तरह नीचे उतर आए पर मन दुखी था कि हम अपनी विरासत को सहेजना कब सीखेंगे....?कब हम गंदगी फैलाना बंद करेंगे...? पढ़े-लिखे लोग जब जानबूझ कर ऐसी गलतियां करते हैं तो मन विषाद ग्रस्त हो जाता है।खैर हम नीचे आ गए थे।मौसम काफी ठंडा हो गया था।हमने नक्की झील का चक्कर लगाया। करीबन चार से पांच किलोमीटर का चक्कर था। यहां व्यवस्था भी अच्छी थी। जगह-जगह कूड़ेदान भी रखें थे।लोग मछलियों को भोजन खिला रहे थे। बादलों के कारण अंधेरा जल्द ही घिर आया था।देशी-विदेशी पर्यटकों से गुलजार थी नक्की झील...प्रश्न फिर भी था कि हम देश की सुंदरता को बचाने का प्रयास क्यों नहीं करते...?



क्रमशः 


अभिलाषा चौहान 





टिप्पणियाँ

  1. बेहद सुंदर यात्रा -संस्मरण।
    आपने सही कहा पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई का दायित्व सरकार का तो है ही परन्तु पर्यटकों की भूमिका सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है यह समझना हर पर्यटक की नैतिक जिम्मेदारी है।
    सादर।
    ---------
    जी नमस्ते,
    आपकी लिखी रचना शुक्रवार १९ दिसंबर २०२५ के लिए साझा की गयी है
    पांच लिंकों का आनंद पर...
    आप भी सादर आमंत्रित हैं।
    सादर
    धन्यवाद।

    जवाब देंहटाएं
  2. सारगर्भित विचार सम्पन्न सजीव यात्रा संस्मरण अभिलाषा जी !

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सवैया छंद प्रवाह

मनहरण घनाक्षरी छंद

सरसी छंद विधान